मांझी। होली के मौके पर शांति, समाजिक सौहार्द व भाईचारे का वातावरण बनाये रखने को लेकर स्थानीय थाना परिसर में रविवार को थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शांति-समिति की बैठक हुई। वहीं होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। बैठक में मौजूद क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधियों व समाजिक कार्यकर्ताओं ने मांझी की परंपरा को कायम रखते हुए मिल-जुल कर शांतिपूर्ण होली मनाने व कानून व्यवस्था बनाये रखने में पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। वहीं थानाध्यक्ष ने कहा कि असमाजिक तत्वों व शराब के धंधेबाजों व शराबियों पर पुलिस की पैनी नजर है। किसी को भी समाजिक सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत नही दी जाएगी। जहां कहीं भी ऐसी संभावना बनती है आप हमें सूचित करें, पुलिस कार्रवाई करेगी। बैठक के अंत में पुलिस व पब्लिक होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। जिसमें लोगों ने एक दूसरे को अबीर लगा कर होली की शुभ कामनाएं दी।
गायक दिवाकर सिंह तथा मनोज कुमार सिंह ने पारंपरिक होली गीत गाकर माहौल को होलीमय बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने जमकर धमाल मचाया। पूर्व मुखिया अख्तर अली पत्रकार सोहैल अहमद तथा हसनुद्दीन खान ने शेरो शायरी से माहौल को खुशनुमा बना दिया। समारोह को साधु दुबे रमेश प्रसाद यादव कृष्णा सिंह पहलवान तारकेश्वर नंद तिवारी अरविंद सिंह शैलेश कुमार आदि ने भी सम्बोधित किया। अध्यक्षता उमाशंकर ओझा तथा संचालन शिक्षक व कवि बिजेन्द्र तिवारी ने किया।