वैष्णव परम्परा के ध्वजवाहक साधुओं का एक दल बुधवार को अयोध्या से मांझी राम घाट स्थित हनुमान गढ़ी मन्दिर पहुंचा

मांझी(सारण)। डेढ़ माह पूर्व चार धाम यात्रा पर निकले वैष्णव परम्परा के ध्वजवाहक साधुओं का एक दल बुधवार को अयोध्या से मांझी राम घाट स्थित हनुमान गढ़ी मन्दिर पहुंचा। मन्दिर के पुजारी सन्त रामप्रिय दास तथा राम सेवक दास ने साधुओं के सम्मान में भंडारे का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि अयोध्या के महंत राम दास जी महाराज के साथ भ्रमण पर निकली साधुओं की टीम चार माह में कश्मीर से कन्याकुमारी तक के धर्म स्थलों का दर्शन पूजन करेगी। काशी मथुरा बक्सर हरिद्वार होकर आए साधुओं का दल बाबा धाम के बाद जगन्नाथ पुरी बाला जी कन्या कुमारी गौ करणी आदि का भ्रमण करेगा। साधुओं ने बताया कि सन्त परंपरा के निर्वहन का अनुपालन करने के उद्देश्य से वे लोग भ्रमण पर निकले हैं। जगह जगह प्रवचन भजन व स्वाध्याय के सहारे सनातन संस्कृति को मजबूत करना उनका ध्येय है। गुरुवार को साधुओं का दल देवघर के लिए रवाना हो गया। गुरुवार की सुबह साधुओं ने पवित्र सरयू में स्नान कर राम चरित मानस का सस्वर पाठ किया। इस मौके पर अनेक लोग मौजूद थे।