
छपरा। जिले के गरखा प्रखंड स्थित मौजमपुर महारानी स्थान से सात दिवसीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ को लेकर भव्य जलभरी (कलश यात्रा) निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।जलभरी का नेतृत्व यज्ञकर्ता श्री श्री 108 श्री रामदास जी महाराज ने किया। इस दौरान प्रयागराज से पधारीं कथावाचिका निकेता त्रिपाठी और उनकी मंडली विशेष रूप से शामिल रही। शोभायात्रा मौजमपुर महारानी स्थान से शुरू होकर अवतारनगर थाना, मुसेपुर चौक, डुमरी अड्डा और सिंगही चौक होते हुए दफ्तरपुर गंगा घाट पहुंची।शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट और बैंड-बाजों की धुन पर भक्त भक्ति गीतों पर झूमते हुए चल रहे थे। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। इस दौरान शिव परिवार और राजदरबार की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।गंगा घाट पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन किया गया। इसके बाद भक्तों ने कलश में जल भरकर पुनः महारानी स्थान की ओर प्रस्थान किया। शोभायात्रा के दौरान डुमरी अड्डा चौक पर स्थानीय युवाओं द्वारा भक्तों के लिए शर्बत और शीतल जल की व्यवस्था की गई थी। यज्ञ की सफलता में यज्ञ समिति और ग्रामीण पूरी निष्ठा के साथ अपना योगदान दे रहे हैं।




Recent Comments