मोबाइल दूकान में चोरी के विरोध में सड़क जाम
✍️रजनीश रंजन/इसुआपुर (सारण) मुस्कान मोबाइल सेंटर इसुआपुर में सोमवार की रात हजारों रुपए मूल्य की संपत्ति चोरी हो गई । जिससे आक्रोशित बाजार के व्यवसायियों ने मंगलवार की सुबह छपरा-सतरघाट मुख्य सड़क को जाम कर यातायात अवरुद्ध कर दिया । वहीं पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त भी किया । हालांकि थानाध्यक्ष रुपेश कुमार वर्मा ने वहां पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शीघ्र ही यातायात बहाल करा दिया । वहीं चार संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की । दूकान मालिक वेदप्रकाश गुप्ता ने घटना से संबंधित एफआईआर स्थानीय थाने में दर्ज कराया है । जिसमें कहा गया है कि वे सुबह दूकान खोलने आए तो दूकान का ताला टूटा हुआ था । वहीं दूकान में बिक्री के लिए रखे 25 एंड्रायड स्मार्टफोन तथा 30 रिपेयर के लिए रखे गए मोबाइल , पन्द्रह हजार रुपए नकद, फोटोस्टेट मशीन , प्रिंटर तथा अन्य आवश्यक कागजात गायब थे । हालांकि कुछ ही देर बाद घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर अचितपुर गांव स्थित बधार से मोबाइल फोन के कुछ कभर भी मिले हैं । डेढ़ साल पहले भी इसी दूकान में लाखों की संपत्ति चोरी हो गई थी । जिसका उद्भेदन नहीं हो सका है ।