छपरा। वुधवार को मुख्यमंत्री ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, छपरा का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छपरा जिले में कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर सारण जिले के लिए 451 करोड़ रुपये की 45 योजनाओं का शिलान्यास एवं 87 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का उ‌द्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान क्लासरूम, मैकेनिकल डीजल कर्मशाला, इलेक्ट्रिक कर्मशाला आदि का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित छात्रों से बात की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी शामिल रहे। इस दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने जिले की विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में बुधवार को निर्माणाधीन बस स्टैंड मैदान से सारण जिले में चल रही विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य ‘कृषि में प्रगति प्रदेश की समृद्धि’ भी शामिल है। इसके तहत किसानों की आय बढ़ाने के लिए वर्ष 2024 से 2029 के लिए गठित चौथे कृषि रोड मैप को तेजी से लागू किया जा रहा है। डेयरी एवं मत्स्य पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है तथा राज्य के सभी गावों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन एवं प्रत्येक पंचायत में “सुधा” बिक्री केंद्र की स्थापना की जा रही है। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनाई गई है ताकि युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें। हमारे राज्य के युवा दक्ष और सक्षम हों इसके लिए हमलोग कार्य कर रह हैं।सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। समीक्षा बैठक के क्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। बैठक में मंत्रीगण, विधायकगण और अधिकारीगण शामिल हुए।