मांझी(सारण)। कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव की तैयारी चरम पर है। मंगलवार की सुबह दलन सिंह उच्च विद्यालय के प्रांगण में आयोजित महोत्सव का विधिवत उद्घाटन विधान पार्षद प्रो वीरेंद्र नारायण यादव तथा पूर्व विधायक बुद्धन प्रसाद यादव करेंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महोत्सव के संयोजक व युवा नेता ई सौरभ सन्नी उर्फ पण्डित तथा रोहित राज ने बताया कि तीन वर्षों से जारी परंपरा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सुबह मेला का उद्घाटन तथा कला संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े स्थानीय महत्वपूर्ण कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। ततपश्चात बहुचर्चित गायक द्वय प्रदुमन परदेशी तथा रौशन राज का द्विदलीय सांगीतिक मुकाबला होगा। यह कार्यक्रम पूरे दिन चलेगा। मेला में आनेवाले मेलार्थियों के रात्रि विश्राम के लिए अलग से टेंट व प्रकाश आदि की ब्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि महोत्सव से जुड़े सदस्य तथा समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान के नेतृत्व में गोताखोरों का दल राम घाट पर तैनात रहेगा।

उधर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रामघाट पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित व सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सीओ दिलीप कुमार तथा थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन से जुड़े कर्मी व पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे। छठ पूजा समिति व ।अनुभव जिंदगी का। वाट्सअप ग्रुप के सदस्य भी घाटों पर तथा नाव से स्नानार्थियों की निगरानी करेंगे। कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर मांझी का रामघाट पूरी तरह भक्ति मय माहौल में तब्दील हो गया है। स्थानीय हनुमान गढ़ी मन्दिर परिसर में चौबीस घण्टे का अखण्ड अष्टयाम प्रारम्भ हो गया है जो कल भंडारे के साथ सम्पन्न होगा। सन्त रामप्रिय दास के संयोजकत्व में आयोजित अनुष्ठान में साधु संतों व श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। पूरा वातावरण राममय हो गया है।