पूर्व मंत्री जितेन्द्र, जनसुराज के अभय समेत 9 उम्मीदवारों की किस्मत इवीएम में कैद

महागठबंधन प्रत्याशी जितेन्द्र राय और जनसुराज के अभय सिंह में सीधा मुकाबल

मढ़ौरा (सारण)। 117- मढ़ौरा विधानसभा सीट पर इस बार राजद प्रत्याशी जितेन्द्र राय और जनसुराज के नवीन कुमार सिंह उर्फ अभय सिंह में सीधा मुकाबला रहा। गुरूवार को सुबह से ही यहां मतदान केंद्रों पर वोटरों की भीड़ लगनी शुरू हो गयी । राजद की ओर से पूर्व मंत्री निवर्तमान विधायक जितेन्द्र कुमार राय. जितेन्द्र कुमार राय लगातार तीन बार के विधायक है जिस कारण यह हॉट सीट माना जा रहा है। जबकि नवीन कुमार सिंह उर्फ अभय सिंह जनसुराज के अभ्यर्थी है।एनडीए से लोजपा(आर) का टिकट रद्द होने कारण यहां निर्दलीय अंकित कुमार यहां से एनडीए समर्थित अभ्यर्थी है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सब जनशक्ति पार्टी के पुरुषोत्तम कुमार सहित कुल 9 प्रत्याशियों की किस्मत इवीएम में कैद हो चुकी है। इनके भाग्य का फैसला 14 नवंबर को होगा।

मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही आने का सिलसिला शुरू :

विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही वोटरों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। नगर क्षेत्र में सुबह 7:30 बजते-बजते कई मतदान केंद्रों पर कतार दिखी। हालांकि नगर से सटे ग्रामीण इलाकों में सुबह आठ बजे के बाद ही भीड़ जुटनी शुरू हुई। महिलाओं ने अपने दैनिक कामकाज को निबटाने के बाद मतदान केंद्रों का रुख किया। कई जगहों पर दोपहर तक महिला मतदाताओं की लंबी कतार लगी रही। दोपहर बाद 3 बजे तक मढ़ौरा विधानसभा में 58 फीसदी तो 5 बजे तक 65.16 प्रतिशत मतदान हुआ। एसडीएम निधि राज व डीसीएलआर धनंजय त्रिपाठी ने खेदन प्रसाद उच्च विधालय केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र में मढ़ौरा प्रखंड और नगर क्षेत्र, नगरा प्रखंड को मिलाकर कुल 31 पंचायत में कुल 333 मतदान केंद्र बनाये गये थे।

सीधे मुकाबले से दो खेमे में बंटे मतदाता :

मढ़ौरा विधानसभा सीट पर इस बार कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। एनडीए प्रत्याशी का उम्मीदवारी रद्द होने के बाद यहां चुनावी मुकाबले में जनसुराज की इंट्री हुई जिससे मुकाबला राजद बनाम जनसुराज हो गया। यहां से एनडीए ने निर्दलीय अभ्यर्थी अंकित कुमार को समर्थन दिया था, लेकिन देरी से हुई समर्थन की घोषणा से एनडीए वोटर जनसुराज में शिफ्ट हो गए।जिसका बड़ा लाभ जनसुराज को हुआ है।

इन बिंदुओं से समझिए कैसा रहा मतदान:

  • नगर क्षेत्र के वोटरों में दिखा उत्साह, लोगों ने विकास को सामने रखकर किया मतदान
  • मढ़ौरा विधानसभा में इस बार लोजपा(आर) की सीमा सिंह का नामांकन रद्द होने और सीधे मुकाबले से रोचक हुआ है मुकाबला
  • नगर इलाके को माना जाता है एनडीए के गढ़, यहां जमकर हुआ है मतदान
  • ग्रामीण इलाकों में दोपहर के बाद जुटने लगी थी मतदाताओं की भीड़

117 मढ़ौरा विधानसभा

  • कुल प्रत्याशी- 9
  • इनमें है मुकाबला
  • जितेन्द्र कुमार राय ( राजद, महागठबंधन )
  • नवीन कुमार सिंह उर्फ अभय सिंह (जनसुराज)
    अन्य उम्मीदवार –
  • पुरुषोत्तम कुमार (राष्ट्रीय सब जनशक्ति पार्टी)
  • मधुबाला गिरि (द प्युरल्स पार्टी)

समयवार मतदान, 3 बजे तक 58 प्रतिशत से अधिक पहुंचा मतदान :

  • 09 बजे सुबह- 14.01%
  • 11 बजे सुबह- 29.84%
  • 01 बजे दोपहर- 45.79%
  • 03 बजे दोपहर- 58.49%
  • 05 बजे शाम – 65.16%