दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

विगत ढाई महीने से लाल बाजार जैसे पॉश इलाके से गायब रोहित शर्मा नामक युवक के गायब होने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लेने का दावा किया है. पुलिस अधीक्षक बेतिया निताशा गुड़िया ने एक प्रेस रिलीज जारी कर उक्त मामले का पटाक्षेप किया है. श्रीमती गुड़िया के अनुसार रोहित शर्मा की हत्या कर शव गायब कर दी गई है और यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. एसपी ने बताया कि विगत 29 सितंबर को रोहित शर्मा के पिता गोपाल शर्मा के लिखित आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.खोजबीन में यह सामने आया कि 23 सितंबर 2019 की रात्रि में यह युवक हत्या करने वालों के साथ बगहा गया, वहां एक अभियुक्त प्रिंस के घर खाना खाया, वापसी में इसकी हत्या कर दी गई और हत्या को दुर्घटना की शक्ल दी गई. जिसमें इसे कार में सवार कर सिरिसिया ओपी अंतर्गत मिश्रौली पेट्रोल पम्प से आगे सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार के अगले सीट पर बैठा कर गड्ढे में धकेल दिया गया.स्थानीय लोगों की मदद से इसके शव को निकाल इलाज के नाम पर बेतिया ले जाया गया लेकिन अस्पताल ना ले जाकर इसे जगदीशपुर ओपी अंतर्गत कटैया पुल के अंदर फेंक दिया गया. पानी का बहाव तेज होने से उक्त युवक की लाश गायब हो गई जिसे आसपास के थानों की पुलिस नहीं ढूंढ पाई. युवक को गायब कर हत्या कर देने में पुलिस ने 5 को अभियुक्त बनाया है जिसमें युवती का भाई सौरव अग्रवाल,अभिषेक अग्रवाल साकिन कृश्चयन क्वार्टर बेतिया एवं इनका दोस्त बगहा थाना निवासी प्रिंस उर्फ सिद्धांत, चौतरवा थाना निवासी सौरभ श्रीवास्तव एवं कालीबाग ओपी निवासी सिट्टु उर्फ इमरान शामिल है.इसमें सौरव अग्रवाल,प्रिंस एवं सौरभ श्रीवास्तव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.