दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
अगर एक आम आदमी किसी संकट के समय जिले की पुलिस को मदद के लिए बुलाती है अथवा किसी घटना की सूचना दी जाती है तो पुलिस कितनी जल्दी घटना स्थल पर पहुँचेगी या उस सूचना को नजरअंदाज कर देगी। इसकी जाँच करने का एक नायाब प्रयोग पिछले शाम जिला प्रशासन द्वारा किया गया। जिलाधिकारी द्वारा जिले के सभी बीडीओ/सीओ को सांय 6 से 7 बजे के बीच आपातकालीन नंबर 100 डायल कर सहायता पहुँचाने हेतु अनुरोध करने का निर्देश दिया गया। यह संतोष की बात है कि लगभग ज्यादातर थानों की पुलिस द्वारा तत्परता दिखाई गई और वह घटनास्थल पर पहुंच गयी। कुछ थानों की पुलिस द्वारा तत्काल रिस्पाॅन्स किया गया तो कुछ ने थोड़ा समय के बाद।
बगहा-1 थाना की पुलिस 1.5 किमी की दूरी पर अवस्थित घटनास्थल पर 22 मिनट में पहुंची। वहीं सहोदरा थाना की पुलिस 30 मिनट में, बेतिया मुफस्सिल थाना पुलिस 15 मिनट में 4 किमी, योगापट्टी थाना की पुलिस 32 मिनट में, गौनाहा थाना की पुलिस 25 मिनट में, लौरिया थाना की पुलिस 40 मिनट में, पिपरासी थाना की पुलिस 22 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गयी। वहीं कई थानों से नेटवर्क समस्या के चलते तत्काल संपर्क नहीं हो पाया।