पानापुर (सारण)। प्रखंड की सभी 11 पंचायतों के मुखियाओं ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द जीआर (गृह क्षति राहत) की राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। इसको लेकर मुखियाओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
मुखियाओं ने कहा कि वर्ष 2017 और 2020 में बांध क्षतिग्रस्त होने के बाद पानापुर प्रखंड की प्रभावित पंचायतों के परिवारों को जीआर की राशि उपलब्ध कराई गई थी। इस वर्ष भी प्रखंड में बाढ़ से व्यापक तबाही हुई है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए शीघ्र जीआर राशि का भुगतान किया जाना आवश्यक है।
मुखियाओं ने प्रशासन से अविलंब राशि विमुक्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
मौके पर जिला परिषद सदस्य बबन राय, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह, मुखिया संघ के अध्यक्ष नेमा सिंह, मुखिया तैयब, मुखिया प्रतिनिधि ललन महतो, जलेश्वर मांझी, डॉ. वकील राय, मनोज राय समेत सभी 11 पंचायतों के मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि तथा विभिन्न पंचायतों के वार्ड उपस्थित थे.