परवेज़ अख़्तर/सीवान। गुठनी थाना क्षेत्र के बाजिदही डरैला गांव स्थित शैलेश सिंह के ईंट-भट्ठा परिसर से बुधवार को पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर एक अधेड़ महिला का शव गड्ढे में ईंट से ढका हुआ बरामद किया। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सोनार गली निवासी रब्ब मियां की पत्नी नगमा खातून के रूप में हुई है।नगमा के पति का निधन पूर्व में हो चुका है और वह अपने बेटे व बहू के साथ गुठनी के बाजिदही डरैला गांव में पिछले दो दशक से रह रही थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार हत्या का कारण नजमा के पोते का किसी लड़की संग प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।हालांकि इस मामले में पुलिस ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।वहीं नजमा की बहू रूबी ने बताया कि उसकी सास मंगलवार की दोपहर घर से अपने पैतृक गांव मीरगंज एक रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी। इसी बीच बुधवार को उनका शव मिलने की सूचना मिली।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जांच के दौरान एक माेतियों का माला,चप्पल एवं एक झोला को बरामद किया है। एफएसएल की टीम ने सभी सामानों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह ईंट-भट्ठा परिसर में काम करने पहुंचे मजदूरों की नजर गड्ढे में पड़े एक महिला के शव पर पड़ी। शव के ऊपर ईंट रखा हुआ था। इसके बाद मजदूरों ने शोर मचाया, इसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच हो रही है जल्द ही कांड का खुलासा हो जाएगा। प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले की जांच की जा रही है।