मांझी। गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत स्थानीय कृषि विज्ञान केन्द्र में मंगलवार को “वैज्ञानिक विधि से सब्जियों की पौध तैयार करना” विषय पर 35 प्रवासी मजदूरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिसका शुभारंभ कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रमुख डॉ अभय कुमार ने किया। ततपश्चात प्रशिक्षण के निदेशक डॉ जितेंद्र चन्दोला ने विषय से संबंधित विस्तार से चर्चा की। डॉ अभय कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा मुख्यतः सब्जियों की नर्सरी वाली जगह की मिट्टी की विशेषता, जगह का चुनाव एवं रेखांकन, नर्सरी की तैयारी व बीज रोपण तकनीक, उपयुक्त उर्वरक, कीट एवं खर-पतवार प्रबंधन, पौधों से मिलने वाले पोषक तत्व, नर्सरी में उपयोग होने वाले उपकरणों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। जिससे बाहर से लौटे मजदूर सब्जी की अच्छी खेती कर आत्म-निर्भर बन सकें। उद्घाटन कार्यक्रम में डॉ विजय कुमार समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन कु. तनुजा जुकरिया व धन्यवाद ज्ञापन डॉ कन्हैया लाल रेगर ने किया।
–/–