एकमा/सारण। एनई रेलवे के वाराणसी मंडल के सीवान-छपरा रेलखंड पर स्थित एकमा स्टेशन के प्लेटफर्म संख्या दो पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान से गिरकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान गरखा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर दिघरा गांव निवासी व पूर्व सैनिक महिपति सिंह (55) के रूप में की गई है।
बताया गया है कि महिपति सिंह अपनी विवाहिता बहन व पुत्री से मिलने मांझी थाना क्षेत्र के टेघरा गांव में आए थे। टेघरा गांव में अपनी बहन व पुत्री से मुलाकात कर महिपति सिंह छपरा की तरफ जाने के लिए गुरुवार की सुबह एकमा स्टेशन पर खड़ी डाउन पंचदेवरी-सोनपुर डीईएमयू पैसेंजर ट्रेन में विपरीत दिशा से चढ़ रहे थे। इसी दौरान ट्रेन खुल गई और महिपति सिंह अनियंत्रित होकर कर ट्रेन से नीचे गिर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एकमा स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात जीआरपी के एएसआई अशोक कुमार सिंह व हवलदार रणजीत कुमार सिंह ने एकमा नगर पंचायत के राहुल नगर मोहल्ला निवासी आप नेता भूपेन्द्र प्रसाद सिंह व अन्य यात्रियों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल महिपति सिंह को उपचार के लिए तत्काल एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। बताया कि जीआरपी की सूचना पर महिपति सिंह के परिजन शव लेने के लिए सदर अस्पताल पहुंच गए। इस अनहोनी घटना की जानकारी मिलते ही माहौल गमगीन हो गया।