पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सारण सांसद रूडी ने जताया गहरी संवेदना, कहा-भारतीय जनता पार्टी के सच्चे सिपाही के रूप में देश सेवा में समर्पित रहे अरूण जेटली जी के निधन से मैं व्यक्तिगत रूप से मर्माहत हूँ

छपरा : 24 अगस्त, 2019, सारण । देश के वरिष्ठ नेता और भारतीय जनता पार्टी के सच्चे सिपाही के रूप में देश सेवा में समर्पित रहे अरूण जेटली जी के निधन से मै व्यक्तिगत रूप से मर्माहत हूँ। हमारे साथ वे मंत्रिमंडलीय सहयोगी ही नहीं बल्कि हम सबके पथ प्रदर्शक भी थे। सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने अरूण जेटली के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उक्त बातें कही।

उन्होंने कहा कि हम सब ईश्वर से प्रार्थना करते है कि वे दिवंगत की आत्मा को शांति व हम सबको इस अपार दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करें। विदित हो कि लंबी बिमारी के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली का शनिवार को दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। जेटली पिछले 9 अगस्त से एम्स में भर्ती थे जहां उनकी हालत गंभीर थी। शनिवार को इलाजरत जेटली का अस्पताल में ही निधन हो गया।
श्री रुडी ने बताया कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रधानमंत्रित्व काल में जेटली जी वाणिज्य उद्योग मंत्री थे जिनके साथ मुझे राज्य मंत्री के रूप में कार्य करने का मौका मिला था। टीम लिडर के रूप में उनकी बेहतरीन कार्यशैली ने सबको प्रभावित किया। कई अधिकारी जो उनके साथ काम करते थे वो सब इसी गुण को सिखकर देश सेवा में संलग्न है। श्री रुडी ने कहा कि वाजपेयी मंत्रिमंडल में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री के बाद उन्हें कानून मंत्री बनाया गया। उनकी कार्यक्षमता को श्री नरेंद्र मोदी ने भी पहचाना था। यही कारण था कि मोदी सरकार में वें वित्त मंत्री से लेकर रक्षा मंत्री तक रहे। विदित हो कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली पेशे से एक वकील थे और वह भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल का अहम हिस्सा रहे थे। उन्होंने वित्त एवं रक्षा दोनों मंत्रालयों का कार्यभार संभाला था। अपने खराब स्वास्थ्य के कारण जेटली ने 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। पिछले वर्ष 14 मई को एम्स में उनके गुर्दे का प्रत्यारोपण भी हुआ था।