अफवाहों में नहीं पड़े किसान, धान के बीज का करें समय से उठाव

सारण/पानापुर। सारण जिले में कृषि विभाग के द्वारा खरीफ़ महाअभियान 2021 के तहत विभिन्न प्रखंडों में बीज वितरण का कार्य मई माह के अंतिम सप्ताह से ही किया जा रहा है। जिसमें अभी तक 2978.06 क्विंटल निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 8740 किसानों को 796.99 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान समय में यास चक्रवात एवं मानसून सक्रिय होने से समय-समय पर वर्षा हो रही है। जिसमें किसानों को अधिक अवधि एवं मध्यम अवधि के प्रभेदों जैसे सवर्णा सबवन, एमटीयू 7029, राजेंद्र मंसूरी, राजेंद्र भगवती आदि प्रभेदों की नर्सरी लगाने का उपयुक्त समय चल रहा है । जिला कृषि पदाधिकारी डॉ के.के वर्मा ने बताया कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक अफवाह फैलाया गया था कि पानापुर का सत्तर घाट बांध टूटने वाला है, जिससे बहुत से प्रखंडों में बाढ़ आने की संभावना है। इसको देखते हुए किसान बीज के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद भी बीज का उठाव नहीं कर रहे थे। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी डॉ के के वर्मा पानापुर के सत्तरघाट पहुंचे और बांध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां के लोगों एवं बांध बनाने वाले कंपनी के लोगों से बातचीत कर पाया कि बांध की मरम्मत का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। जिसे 1 से 2 दिन में पूरा करने का निर्देश सरकार के द्वारा दिया गया है। बांध काफी मजबूती से बनाया जा रहा है। जिसके टूटने की संभावना नहीं है। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देकर प्रखंडों में वितरित किए जा रहे बीज को समय उठाव कर नर्सरी तैयार कर रोपनी का कार्य किया जाना चाहिए। इसमें विलंब करने से उत्पादन एवं उत्पादकता प्रभावित होगी। उन्होंने सभी कृषि किसानों से अपील किया है कि किसी के बहकावे में ना आकर ससमय बीज की प्राप्ति कर खेती का कार्य सुनिश्चित करें।