
पहल: अब गाड़ी में बैठे—बैठे लगवा सकेंगे कोविड टीका
जिला स्कूल में पहला ड्राइव—थ्रू काउंटर किया जा रहा तैयार:
आगामी 6 अगस्त से टीकाकरण अभियान की होगी शुरूआत:
सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक होगी टीकाकरण की सुविधा:
गया, 3 अगस्त।
कोरोना संक्रमण से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए जिला में पहली बार ड्राइव—थ्रू वैक्सीनेशन सेंटर की शुरूआत होगी. जिला प्रशासन द्वारा केयर इंडिया के सहयोग से इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है. ड्राइव—थ्रू वैक्सीनेशन सेंटर के लिए शहर के जिला स्कूल का चयनित किया गया है. आगामी 6 अगस्त को विशेष आकर्षण व सुविधाओं के साथ यहां पर लोगों का कोविड टीकाकरण किया जाना है. टीकाकरण कार्य को और अधिक गति प्रदान किया जा सके, इसके लिए टीकाकरण सत्र का आयोजन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक किया जायेगा. टीकाकरण केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. जिला वेक्टर बॉर्न डिजिज पदाधिकारी सह चिकित्सीय नोडल अधिकारी डॉ एमई हक तथा जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी सह वरीय नोडल पदाधिकारी डॉ सुरेंद्र चौधरी कोविड टीकाकरण कार्यों का अनुश्रवण करेंगे. टीकाकरण केंद्र पर कोविशील्ड की पहली व दूसरी डोज दी जायेगा. वहीं सरकार की गाइडलाइन के अनुसार लोगों को कोवैक्सीन की दूसरी डोज मिलेगी.
सेशन साइट पर आमजन के लिए विशेष सुविधाएं:
कोविड टीकाकरण के लिए तैयार हो रहे इस सेशन साइट पर आमजन को खास सुविधाएं प्राप्त होंगी. यहां पर तीन विशेष प्रकार के काउंटर तैयार किये जा रहे हैं. एक काउंटर पुरुषों के टीकाकरण के लिए होगा. वहीं दूसरा काउंटर पिंक बूथ के रूप में तैयार किया जा रहा है. इसे महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया जा रहा है. जबकि तीसरा काउंटर ड्राइव—थ्रू काउंटर होगा जहां दिव्यांगजन तथा अत्यधिक बुजुर्ग लोग आसानी से टीका ले सकेंगे.
विशेष आर्कषण का केंद्र होगा ड्राइव—थ्रू काउंटर:
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कोविड टीकाकरण के लिए जिला स्कूल परिसर में तैयार ड्राइव—थ्रू काउंटर विशेष आर्कषण का केंद्र होगा. ड्राइव-थ्रू वैक्सीनेशन सेंटर का मतलब ऐसी जगह से हैं जहां लोग अपनी गाड़ी से बिना उतरे गाड़ी में बैठे—बैठे ही वैक्सीन लगवा सकते हैं. जिला में यह पहला ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन अभियान होगा जहां बुजुर्ग, दिव्यांगजन तथा महिलाएं अपनी गाड़ी से टीकाकरण केंद्र आकर अपना वैक्सीनेशन करवा सकते हैं. ड्राइव—थ्रू वैक्सीनेशन काउंटर इस बात को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है कि बुजुर्ग या बीमार लोग किसी अन्य के संपर्क में नहीं आएं और टीकाकरण के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन पूरी तरह सुनिश्चित किया जा सके. ड्राइव—थ्रू काउंटर पर लोग अपनी गाड़ियों से सीधे आकर वहां पर रजिस्ट्रेशन कराने के साथ गाड़ी में बैठे—बैठे ही टीका ले सकेंगे. इसके बाद वहां तैयार आॅब्जरवेशन पार्किंग में भेज दिया जायेगा जहां पर 30 मिनट तक गाड़ी में ही वे खुद को आॅबजर्वेशन में रखेंगे. इस प्रकार का इंतजाम इसलिए किया गया है कि लोगों के अधिक भीड़ वाले काउंटरों या अस्पतालों में जाकर लाइन में खड़े होना परेशानी भरा सबब होता है तथा उन्हें संक्रमण का डर भी सताता है. ऐसे लोगों के लिए बिना किसी डर सुरक्षित कार में बैठे—बैठे वैक्सीनेशन लगवाने की सुविधा होगी.




Recent Comments