सारण/मांझी। मांझी थाना क्षेत्र के घोरहट गांव में 24 घण्टे के भीतर एक ही घर से निकली चाचा भतीजे की अर्थी। भतीजे की मौत का सदमा बर्दाश्त नही कर सका चाचा और भतीजे के मौत के बाद चाचा की भी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। एक तरफ जहां सभी लोग दशहरा का उत्सव मना रहे थे। वहीं दूसरी तरफ चाचा भतीजे की मौत की खबर मिलते ही घोरहट गांव में मातम सा छाया हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक घोरहट गांव निवासी महंगू यादव का पुत्र राजदूत यादव सूरत में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वहीं उसकी हत्या करीबी लोगों द्वारा ही कर दी गई। बुधवार को उसका शव घोरहट पहुंचा। राजदूत यादव नामक भतीजे के मौत की खबर पटना में इलाजरत उसके चाचा शंभू यादव को मिली। भतीजे की मौत की खबर मिलते ही उनकी तबीयत अचानक और ज्यादा बिगड़ गई। तथा वह भी चल बसे। उनका शव पटना से गुरुवार को घोरहट पहुंचा और दोनों का अंतिम संस्कार गांव के समीप स्थित सरयु नदी के किनारे श्मशान घाट पर कर दिया गया। चाचा भतीजे की मौत के बाद गांव में एक दूसरे के प्रति दिली रिश्ता व गहरा लगाव होने की ब्यापक चर्चा है।