
मांझी। प्रखंड के मध्य विद्यालय मझनपुरा के परिसर में भारत रत्न डॉ बीआर अंबेडकर की 64वीं पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप मे समारोह पूर्वक मनाई गई। जिसकी अध्यक्षता बिहार राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष उदय शंकर गुड्डू ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मांझी के माकपा विधायक डॉ सत्येन्द्र यादव ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर ने मानव मूल्यों की रक्षार्थ एवं समता मूलक समाज के लिए अपना सर्वस्व जीवन देश को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि मेरी जीत आम जनता की जीत है। मेरा संकल्प है कि मानव मूल्यों की रक्षा एवं अंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए अगर लहू के एक-एक कतरे की जरूरत पड़ी तो कभी पीछे नहीं हटूंगा। इनके पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए समाजवादी चिंतक कैलाश पंडित ने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर रहने वाले दलितों, गरीब व मजदूर-किसानों के हक में संविधान की मूल भावना का उपयोग नही होता है तब तक अंबेडकर का सपना अधूरा रहेगा। स्वागत भाषण शिक्षक रामबाबू राम ने किया। कार्यक्रम को मुखिया प्रतिनिधि उदय शंकर सिंह, का. सुनील राय, नागेश्वर राम, सत्यनारायण राय, भोलू खां, कामेश्वर बैठा, श्रीराम भारती, आनंद तिवारी, नसीम अहमद आदि ने संबोधित किया। मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष उपस्थित थे।




Recent Comments