जीआरपी छपरा ने कांड संख्या 258/25 में एक आरोपी को किया गिरफ्तार
दैनिक खोज खबर/छपरा। मृतक अंजली के परिजनों के आवेदन पर रेल थाना छपरा में दर्ज कांड संख्या 258/25 में नामजद अभियुक्त फिरोज केशर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। रविवार को जीआरपी थाना अध्यक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड में एक आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। मामले में शुक्रवार की संध्या मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीना कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की विस्तृत जानकारी ली थी और अनुसंधान को और तेज करने का स्पष्ट निर्देश दिया था। उनके निर्देश के बाद जीआरपी की अलग-अलग टीमों का गठन कर तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाले जा रहे हैं। उक्त कांड में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 70(1) एवं 238 के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने इस मामले में जांच की रफ्तार तेज कर दी है।




Recent Comments