जिले में बढ़ेगी साहित्यिक व सांस्कृतिक हलचल, होगा डॉ मोअज्जम अज्म के ग़ज़ल संग्रह का लोकार्पण

जुटेंगे राज्य भर के प्रसिद्ध शायर, कवि व साहित्यकार

छपरा. शहर की साहित्यिक, अदबी, संस्कृतिक और सेकाफती हलचल में रविवार को इजाफा होने वाला है. सूबे और जिला के मशहूर कवि, शायर, लेखक और पत्रकार यहां जुटेंगे. मौका होगा बालीवुड मुंबई के छपरा निवासी गीतकार, शायर व लेखक डॉ मोअज्जम की गजल संग्रह ‘आजीन’ के लोकार्पण समारोह का. राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद दिल्ली के सहयोग से एक साथ हिंदी और उर्दू में प्रकशित यह संग्रह जिले के अदब और साहित्य के धरोहर में इजाफा करेगा. डॉ अज्म ने साहिर लुधियानवी पर रिसर्च कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है. उन्होंने दर्जनों फिल्मों के गीत, स्क्रिप्ट व स्क्रीनप्ले लिखने के साथ ही कई स्तरीय अल्बम के लिए भी काम किया है. उनकी गीतों को उस्ताद राहत फतेह अली खान, रूप कुमार राठौड़, रोहित चैहान, उस्ताद मो मुस्तफा, जावेद अली, मनाली शिल्पा राव आदि स्थापित गायकों ने आवाज दिया है. लोकार्पण समारोह करीमचक चौक स्थित राहत मैरेज हॉल में तीन बजे संध्या से आयोजित होगा. समारोह के मुख्य अतिथि बिहार उर्दू ऐक्शन कमेटी के चेयरमैन व कौमी तंजीम के चीफ एडिटर अशरफ फरीद होंगे. जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार विधान परिषद के पूर्व उप सभापति सलीम परवेज, साहित्यकार कलीमुल्लाह कलीम, डॉ जौहर शफीआबादी, डॉ नूरूल होदा उपस्थित रहेंगे. अध्यक्षता देश के जाने माने लेखक व समीक्षक फखरुद्दीन आरफी करेंगे. इस अवसर पर कवि सम्मेलन व मुशायरा का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें मुंबई के सद्रे आलम गौहर, पटना के जफर सिद्दीकी, असर फरीदी, दाना पुर के मुनव्वर दानापुरी. सिवान के सुनील कुमार तंग, शहबाज शम्सी, छपरा के दक्ष निरंजन शंभू, रिपुंजय निशांत, खुर्शीद साहिल, शमीम परवेज, यार मुहम्मद सल्फ़ी, सोहैल अहमद हाशमी، सुरेश चौबे, अब्दुस समद भयंकर, रवि भूषण हंसमुख, डॉ अमरेंद्र सिंह बुलेट, कविन्द्र कुमार, अली अब्बास, बैतुल्लाह बैत, नजमुल्लाह नज्म, डॉ सीमा कुमारी गिरि, शालिनी, कुमार मृणाभ, ऐनुल बरौलवी, शाहिद जमाल, कृष्णा मेनन, कौसर होशाम, राकेश कुमार विद्यार्थी, प्रो शकील अनवर, डॉ देवेंद्र कुमार सिंह, सुरेश चौबे आदि शिरकत करेंगे.