मांझी(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव में प्रखंड प्रमुख भागमनी देवी के पुत्र संतोष कुमार के ऊपर जानलेवा हमला कर मार-पीट करने व 70 हजार रूपये लूट लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में घायल संतोष के बयान पर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसमें चार लोगों को नामजद किया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार महम्मदपुर निवासी प्रमुख पुत्र संतोष गुरुवार की शाम अपनी लक्ष्मण गैस एजेंसी को बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे हीं वे पानी टंकी के पास पहुंचे पहले से घात लगा कर इंतजार कर रहे गांव के हीं चार लोगों ने घेर लिया। पॉकेट से पूरी नगद राशि जबरन निकाल लेने के बाद लाठी-डंडे व अन्य हथियार से प्रहार कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। वे लोग जाति सूचक शब्द के साथ गाली भी दे रहे थे। चिल्लाने पर आस-पास के लोग पहुंचे तो हमलावर भाग निकले। उसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर ईलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया।