
मांझी। यूपी बिहार को जोड़ने वाले जयप्रभा सेतु पर भारी वाहनों का परिचालन बन्द कर दिए जाने के बाद मांझी से सिसवन होकर गुठनी व यूपी के देवरिया जाने वाले भारी वाहनों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। उक्त रास्ते होकर ओवरलोडेड वाहनों की बेतहाशा बृद्धि के कारण उक्त सड़क का उखड़ना शुरू हो गया है। सड़क के उखड़कर जर्जर होने के कारण ट्रकों के धंसने तथा सड़क जाम की समस्या से लोगों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। शुक्रवार को जई छपरा के समीप तथा पिछले मंगलवार को ग़ैरतपुर के समीप ट्रक के बीच सड़क पर धंसने के कारण घण्टों यातायात प्रभावित हुआ। बाद में जेसीबी के सहारे ट्रकों को किसी प्रकार निकालकर हटाया गया तथा सड़क की मरम्मति की गई।इस बीच उक्त सड़क के सम्बन्धित ठेकेदार ने ताजपुर में घण्टों ओवरलोडेड ट्रकों को रोककर विरोध जताया। उसका कहना था कि बगैर परमिट वाले ट्रकों का अवैध परिचालन उक्त सड़क से होकर कराया जा रहा है। जिससे निश्चित समय सीमा तक सड़क को दुरुस्त रख पाना सम्भव नही है। उधर उक्त सड़क पर अचानक बढ़ी ट्रकों की आवाजाही तथा विभिन्न बाजारों में अतिक्रमण की शिकार होकर संकरा हो चुका मार्ग जाम तथा दुर्घटना का कारण बनने लगा है। बाजारों के समीप सड़क किनारे अवैध पार्किंग तथा अवैध दुकान लगाए जाने के कारण लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं। जबकि प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कारवाई नही कर रहा है।




Recent Comments