
इसुआपुर:जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह ने जदयू के साथ एनडीए को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने रविवार को प्रदेश सचिव पद के साथ जदयू की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।श्री प्रताप तरैया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के दावेदार रहे हैं । लेकिन लगातार दूसरे चुनाव में जदयू से टिकट नहीं मिलने से निराश उन्होंने आखिरकार रविवार को यह कदम उठाया। प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रविवार को ही शैलेंद्र प्रताप सिंह ने इसुआपुर बाजार में हुई एक जनसभा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तरैया में मेरी पहचान किसी राजनीतिक दल के टिकट की मोहताज नहीं है। मेरे खून-पसीने का एक-एक कतरा तरैया और यहां की जनता को समर्पित है।
अपनी निर्दलीय उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि 25 वर्षों से सक्रिय राजनीति में रहते हुए मैं यहां की जनता के सुख-दुःख का साथी रहा हूं। आज जनता की पुकार पर आप सबों के बीच अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करता हूं। मैं आपके एक-एक वोट की ताकत से चुनाव जीतकर सदन पहुंचूंगा । तैरया की आवाज सदन में न पहुंचे, इसके लिए मेरी आवाज को दबाया गया है । मेरे साथ हुए राजनीतिक छल का बदला इस बार तरैया की जनता लेगी । मंच से ही शैलेंद्र प्रताप ने 15 अक्टूबर गुरुवार के दिन नामांकन करने की घोषणा की । सभा की अध्यक्षता राजकुमार सिंह कुशवाहा तथा संचालन छविनाथ सिंह ने किया । कार्यक्रम को चंदेश्वर राम, रामाधार सिंह, डॉ हरिकांत कुशवाहा, पप्पू हाशमी, अहमद अली, राजेश कुशवाहा, दयावंती नट, महादेव साह, श्री भगवान प्रसाद, राजकिशोर सिंह, विजय सिंह, राजेश बिंद आदि ने सम्बोधित करते हुए कहा कि बिजली की समस्या हो या लॉकडाउन के फंसे मजदूरों को मदद पहुंचाने का काम हो, हर काम में सिर्फ शैलेन्द्र प्रताप ही जनता के साथ दिखाई दिए । वे बाढ़ के समय रात-रात भर बांध पर रहकर राहत व बचाव कार्य में जुटे रहे। ऐसे जनप्रिय नेता को सदन में पहुंचाने के लिए तरैया, पानापुर व इसुआपुर की जनता ने कमर कस ली है । तरैया इस बार इतिहास बनाने का काम करने जा रहा है । इस बार शैलेन्द्र प्रताप की जीत से यह सुनिश्चित हो जाएगा कि जनता के बीच काम करने वाला ही वोट पाने का अधिकारी है। पैराशूट से चुनाव के मैदान में उतरने वाले नेताओं के खिलाफ जनता में बेहद गुस्सा है । इस बार तरैया की जनता जमीनी नेता शैलेन्द्र प्रताप के साथ खड़ी है । सभा को संबोधित करते हुए युवा नेता मिथलेश पटेल, कुंदन कुमार सिंह, वीरेंद्र सिंह, डॉ ब्रजेश सिंह, जितेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले शैलेन्द्र प्रताप सिंह को इस बार चुनाव में विजयी बनाकर सदन में पहुंचाने के लिए हर एक युवाओं ने मन बना लिया है । धन्यवाद ज्ञापन गणेश रजक ने किया ।




Recent Comments