गोपालगंज:टैंकर में पेट्रोल की जगह भरी थी अंग्रेज़ी शराब, तरकीब देख कर दंग रह गई पुलिस

गोपालगंज: बिहार में शराब की तस्करी की खेल बदस्तूर जारी है. मामला गोपालगंज का है जहां पुलिस ने एक टैंकर से शराब की बड़ी खेप को बरामद किया. पुलिस ने जब गुप्त सूचना के आधार पर सड़क के किनारे खड़े तेल टैंकर की तलाशी ली तो तलाशी के दौरान पुलिस को तेल टैंकर के अन्दर भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली. यह कारवाई एसपी के निर्देश पर बैकुंठपुर पुलिस ने कृतपुरा गांव में की.

पुलिस ने टैंकर के खलासी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है. एसपी रविरंजन कुमार के मुताबिक सूचना मिली थी कि सड़क के किनारे खड़े तेल टैंकर के अन्दर शराब छिपाकर तस्करी की जा रही है. इस सूचना के आधार पर जब टैंकर के अन्दर तलाशी ली गयी तो उसमे 236 कार्टन विदेशी शराब छिपाकर रखे गए थे.

शराब तस्करी का यह पहला मामला है जब इस तरह से शराब की तस्करी की जा रही थी. किसी को शक न हो इसके लिए तेल की जगह शराब को छुपाया गया था. एसपी के मुताबिक बरामद शराब करीब 21 सौ लीटर है. जिसकी बाजार मूल्य करीब 25 लाख रूपये है. एसपी ने कहा की जिले में शराब के खिलाब लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अभी और भी शराब की रिकवरी की उम्मीद है.