गया से अगवा किशोरी को पुलिस ने अमनौर से किया बरामद, आरोपी भी गिरफ्तार
अमनौर (सारण):
अमनौर पुलिस ने गया से अपहृत किशोरी के साथ आरोपी युवक को थाना क्षेत्र के के खोरीपाकड़ दलित बस्ती से बरामद किया. मालूम हो कि जहानाबाद जिले के घोषी थाना क्षेत्र के हुलासगंज निवासी व एक आर्मी के जवान की नाबालिक पुत्री को 12 अप्रैल को गया आर्मी कैंप के पास से बहला फुसला कर अगवा करने के मामले में किशोरी के परिजन ने मगध मेडिकल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया था. जिसके बाद से ही मगध मेडिकल थाना के पुलिस इस मामले के अनुसंधान में लगी थी. जहां मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर अमनौर पुलिस ने उक्त गांव में छापेमारी कर अगवा किशोरी को बरामद कर लिया. वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी पटना जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के हवसपुर गांव निवासी व आर्मी के जवान सुरेश राम का पुत्र रवि कुमार को भी उक्त स्थल से हिरासत में लिया. बताया जाता है कि दोनों के पिता का क्वार्टर आस पास था. जहां दोनों के परिजनों में जान पहचान पहले से था इसी का फायदा उठाकर रवि ने उसे बहला फुसला कर अगवा कर लिया था. हालांकि इस मामले में मगध मेडिकल पुलिस ने आरोपी के तीन परिजनों को पहले से ही हिरासत में ले कर पुछताछ कर रही है. थाना के एसआई भोला पासवान ने बताया कि छापेमारी कर अपहृता किशोरी की बरामदगी कर ली गई है साथ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है इसकी सूचना मगध मेडिकल थाने को सूचना दे दी गई है.