
• गड़खा थाना क्षेत्र के फुर्सतपुर चंवर स्थित पोखरा में डूबने से हुई मौत
दैनिक खोज खबर/भेल्दी(सारण)। गड़खा थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर हृदय विदारक हादसा हो गया। ठीकहा मरीचा गांव के चार बच्चों की पोखरा में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में गड़खा थाना क्षेत्र के ठीकहा मरीचा गांव के मैनेजर सिंह के 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और 11 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार, दारोगा सिंह के 15 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार और मुंशीलाल सिंह के 12 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार शामिल हैं। मृत सभी बच्चे आपस में चचेरे भाई हैं। सूचना मिलते ही सीओ नीली यादव और थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान सभी गहरे पानी में चले गए। देखते देखते सभी बच्चे डूबने लगे। एक बच्चा किसी तरह बाहर निकल गया जबकि चार बच्चों की इस हादसे में डूबने से मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि पैर फिसलने से यह हादसा हुआ और सभी बच्चे पोखरे में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों को जैसे ही इस हादसे की जानकारी हुई, बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। लोगों ने सभी बच्चों को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन सबों की मौत हो चुकी थी। बच्चों के पोखरा में डूबने की खबर जब परिवार वालों को हुई, वे भागे भागे मौके पर पहुंचे। वहां सब के सब चीखने-चिल्लाने लगे। मृतकों के शवों को देखकर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। इस हादसे के बाद इनके घरों में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। सीओ नीली यादव ने कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।




Recent Comments