सेना ने रेस्क्यू कर मलबे से निकाला शव, गांव में छाया मातमी सन्नाटा

तरैया,(सारण)। तरैया के भटगाई गांव के रहने वाले मो. इमरान अंसारी का शव केरल के वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन के मलबे से सेना के जवानों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। शव मिलने की खबर से मृतक के गांव में मातम सन्नाटा छा गया। जानकारी के अनुसार पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को फ्लाइट से बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है। परिजनों ने बताया कि सेना के जवानों द्वारा राहत एवं बचाव अभियान लगातार चलाकर गुरुवार को मो. इमरान अंसारी का शव मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद शव को संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया। मृतक के बड़े भाई इरसाद अली और अन्य परिजन वायनाड पहुंच चुके हुए है जो कि कागजी कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद कंपनी शव को परिजनों को सौंपकर फ्लाइट से बिहार भेजने की व्यवस्था कर रही है। परिजनों के अनुसार कंपनी ने आर्थिक सहयोग का भी भरोसा दिया है। फिलहाल कम्पनी के तरफ से मृतक के परिजनों को पचास हजार रुपये आर्थिक सहयोग दिया गया है। वहीं मृतक का पीएफ, बीमा और अन्य देय राशि का भुगतान आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा। वहीं बताया जाता है कि इमरान की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी शबनम खातून पति बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। इमरान अपने पीछे छह माह की एक दुधमुंही बेटी छोड़ गया हैं, जिसके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया हैं। वृद्ध मां ऐनुल निशा, पिता अलाउद्दीन अली, भाई रिजवान अली उर्फ मुन्ना बाबा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं शव मिलने की सूचना के बाद तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह ‘विक्कू’ मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने केरल सरकार से मृतक के परिजनों को मुआवजा और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने विश्वास जताया कि पीड़ित परिवार को उचित सहायता मिलेगी। वहीं इस आसमयिक हुई घटना पर सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, जिला पार्षद हरिशंकर सिंह, मुखिया ओम प्रकाश कुमार, पैक्स अध्यक्ष रणधीर सिंह, उप सरपंच रामनारायण यादव, परवेज आलम, सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।