दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)। मांझी थाना क्षेत्र में पुलिस पदाधिकारियों की मनमानी और आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण ने मांझी थानाध्यक्ष अमित कुमार, पु.अ.नि. विपुल कुमार सिंह और पु.अ.नि. आरती कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी तीनों अधिकारियों से पांच दिनों के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। यह कार्रवाई उस आवेदन के बाद की गई, जो एक महिला आवेदिका ने पुलिस अधीक्षक को समर्पित किया था। आवेदन में आरोप था कि माँझी थाना की पुलिस ने उनके और उनके परिजनों के साथ मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02), एकमा को जांच सौंपी गई। जांच में पाया गया कि आरती कुमारी, जो माँझी थाना में पदस्थापित थीं, आवेदिका के मकान में किराए पर रह रही थीं और पहले से ही दोनों के बीच आपसी मतभेद चल रहा था।
घटना के दिन मकान खाली करने को लेकर आवेदिका के देवर और आरती कुमारी के बीच विवाद हुआ, जिसकी सूचना थाने को दी गई। इसके बाद थानाध्यक्ष अमित कुमार और अन्य पुलिस बल ने बिना जांच किए जबरन दो लोगों को पकड़कर थाना लाया और आरती कुमारी के आवेदन पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों को जनता से नम्रता से पेश आने के स्पष्ट निर्देश के बावजूद इस मामले में वीडियो साक्ष्य और जांच रिपोर्ट से यह प्रमाणित हुआ कि पुलिस पदाधिकारियों ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया, मामले को जानबूझकर गंभीर बनाया और अनुचित व्यवहार किया। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की लापरवाही और आदेशों की अवहेलना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस कार्रवाई को पुलिस की छवि सुधारने की दिशा में एक आवश्यक कदम बताया।




Recent Comments