सेवा में,
श्री नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री, बिहार
द्वारा -समाहर्ता, सारण
विषय- कोरोना संक्रमण की वजह से असमय काल कवलित पत्रकार गुड्डू राय के पीड़ित परिजनों को सरकार द्वारा अनुग्रह राशि एवं एक नौकरी प्रदान करने के सम्बंध में

महाशय,
निवेदन पूर्वक कहना है कि 20 अप्रैल की देर रात पटना के एक निजी नर्सिंग होम में इलाजरत सारण के लोकप्रिय व स्थापित पत्रकार तथा संजीवनी समाचार के प्रधान संपादक गुड्डू राय का कोरोना संक्रमण की वजह से असामयिक निधन हो गया। जिससे उनका पीड़ित परिवार स्वयं को असहाय महसूस कर रहा है। वहीं जिले के समस्त पत्रकार भी बेहद शोकाकुल हैं।
वर्ष 1992 में सारण से प्रकाशित देश के पहरेदार नामक साप्ताहिक पत्र के माध्यम से अपनी पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले पत्रकार गुड्डू राय ने राष्ट्रीय सहारा, प्रभात खबर और दैनिक जागरण में लंबे अरसे तक अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से सरकार और समाज के समन्वय में अपनी महती भूमिका अदा की। यही नही पत्रकार गुड्डू राय ने वर्षों तक साईकिल से अखबार बेंच कर अपने परिवार का भरण पोषण कर पत्रकारिता जगत में परिश्रम का एक कीर्तिमान स्थापित किया था।
पत्रकार गुड्डू राय के ऊपर दो पुत्री व एक पुत्र के अलावा अपने वृद्ध माता-पिता के भरण पोषण की भी नैतिक जिम्मेवारी थी। कोरोना से संक्रमित होने के बाद प्रदेश में बने अफरा- तफरी के माहौल के बीच पत्रकार गुड्डू राय को आशा-जनक सरकारी इलाज की सुविधा नही मिल सकी। बावजूद इसके जिले के पत्रकारों ने अपने जेब खर्च की राशि से सहयोग कर उन्हें मौत के मुँह से निकालने का हर-सम्भव प्रयास किया। पत्रकारों ने अपनी क्षमता के मुताबिक समुचित व्यवस्था कर ऑक्सीजन का गैस सिलिंडर पटना तक पहुंचाया। परन्तु होनी को टाला नही जा सका। लोकतंत्र के प्रखर प्रहरी सबके चहेते, हँस-मुख व मिलनसार व्यवहार के धनी पत्रकार गुड्डू राय अपने बिलखते परिवार को छोड़ कर सदा के लिए इस दुनिया से चल बसे। अब उनके परिवार के भरण पोषण की व्यवस्था का नैतिक दायित्व सरकार और समाज का बनता है।
विपदा की इस घड़ी में समूचा पत्रकार समुदाय गुड्डू राय के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता है। वहीं उम्मीद है कि सरकार भी अपनी संवेदनशीलता का परिचय देगी। पीड़ित परिवार के हालात का आकलन करने के उपरांत अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति बिहार सरकार से दिवंगत कोरोना वारियर्स पत्रकार गुड्डू राय के पीड़ित परिजनों के लिए अनुग्रह राशि के रूप में 25 लाख रुपये नकद एवं एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग करती है। इसके अलावा कठिन हालात में भी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने एवं सरकार का सहयोग वाले पत्रकारों के हित में सरकार तत्काल पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की घोषणा करें ताकि संवैधानिक संस्थाओं पर पत्रकारों का अटूट विश्वास बना रहे। हमें आशा हीं नही बल्कि पूर्ण विश्वास है कि बिहार सरकार पत्रकारों के हित में गम्भीरता से विचार करते हुए अवश्य पहल करेगी।
विश्वासभाजन
मनोज कुमार सिंह
राष्ट्रीय प्रवक्ता
अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति।
मो 9430655154