इसुआपुर।
सारण जिले में उद्योग धंधे की असीम संभावनाएं हैं। पटना- छपरा के बीच गंगा नदी पर रेल व सड़क पुल बन जाने से राजधानी से छपरा का जुड़ाव काफी करीब हो गया है। अब छपरा उद्योग का हब बनेगा। ये बातें सूबे के उद्योग मंत्री सह बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने इसुआपुर की जिला पार्षद सह बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश नेत्री प्रियंका सिंह के सतासी स्थित आवास पर शनिवार की देर संध्या अपने सम्मान समारोह के मौके पर मीडिया से रूबरू होते हुए कही। उन्होंने कहा कि बंद पड़ी मढ़ौरा चीनी मिल को चालू कराने के लिए स्थानीय सांसद व बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी तथा तरैया के बीजेपी विधायक जनक सिंह प्रयास में लगे हुए हैं। मैं भी प्रयासरत हूं। वहीं कटसा के समीप अरना कोठी की सैकड़ों एकड़ बंजर पड़ी जमीन को हासिल करने के लिए केंद्र व राज्य सरकार के बीच बातचीत चल रही हैै। जल्द ही इस पर फैसला होने की उम्मीद है। जिसके बाद बंजर पड़ी इस जमीन पर उद्योग लगाकर सारण को एक नया पहचान दिया जाएगाा। मढ़ौरा तथा छपरा में उद्योग की चमक जो पहले थी उसे वापस लाने के लिए भी हम सभी प्रयासरत हैं ।कोरोना काल के बाद बिहार में ही युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए नीतीश सरकार कई योजनाओं पर कार्य योजना बना रही है। जिसमें मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत प्रत्येक वर्ष 8000 उद्यमी तैयार होंगे। जो 10-10 लोगों को रोजगार देंगे। यह योजना आवेदकों को लाटरी के माध्यम से दी जाएगी। जो पूरी तरह पारदर्शी होगी। इस मौके पर मुख्य रूप से बीजेपी के जिला अध्यक्ष राम दयाल शर्मा,जिला पार्षद प्रियंका सिंह, धीरज सिंह,जिला मंत्री सुपन राय,पूर्व प्रमुख कन्हैया सिंह, मुखिया राजीव रंजन उर्फ गून्नू सिंह, स्थानीय सांसद पुत्र प्रमोद सिग्रीवाल, पैक्स अध्यक्ष विमल किशोर सिंह, जिला प्रवक्ता राकेश सिंह तूफानी, राजेश प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, नंदकिशोर सिंह ,गोपाल राय व अन्य थे।