पश्चिम चम्पारण ब्यूरो प्रमुख दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट :-
पिछले दिनों चनपटिया अंचल के महनाकुली पंचायत के महना टोला मुसहरी गांव में अचानक आग लगने से महादलित परिवार के महेन्द्र पासवान, जवाहिर पासवान एवं मुस्मात गुलाबी के घर एवं उसमें रखे सामान जल कर राख हो गए थे। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, बेतिया द्वारा आज दिनांक: 05.07.2017 को इन तीनों परिवारों को रेड क्रॉस भवन में एक-एक फैमिली पैक दिया गया। बता दें कि इस फैमिली पैक में बर्तन सेट, साड़ी, धोती, चादर, मच्छरदानी, बाल्टी, प्लास्टिक आदि महत्वपूर्ण सामान होते हैं। सोसायटी के सचिव जगमोहन कुमार ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा हमारा परम लक्ष्य है। जनसहयोग व सामुदायिक सहयोग से इस सेवा का और विस्तार किया जा सकता है। श्री कुमार ने जिले के मानवतावादी नागरिकों से रेड क्रॉस का सदस्य बनने, आर्थिक व शारीरिक सहयोग कर पीड़ित मानवता के सेवार्थ आगे आने की अपील की है। आपदा राहत समिति के लालबाबू प्रसाद, विनय कुमार, दीपक वर्मा, हरिनारायण प्रसाद के द्वारा पीड़ित परिवारों को सामग्री वितरित की गयी। मौके पर स्वयंसेवक इमरान कुरैशी, महेन्द्र प्रसाद आदि उपस्थित रहें।