
राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपियाल ने जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में सौंपी जिम्मेदारी, देशभर के पत्रकारों ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
जयपुर/छपरा। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राजस्थान के जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार के पत्रकार संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। सारण जिले के पूर्व महासचिव एवं वर्तमान बिहार संयोजक राकेश कुमार सिंह को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपियाल ने राष्ट्रीय सचिव के पद पर मनोनीत किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपियाल एवं राष्ट्रीय महासचिव राकेश शर्मा के नेतृत्व में गठित नई राष्ट्रीय टीम में देश के नौ राष्ट्रीय सचिवों में बिहार से राकेश कुमार सिंह को शामिल किया गया है।
राकेश कुमार सिंह लंबे समय से पत्रकारिता और पत्रकार संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अपने संगठनात्मक सफर की शुरुआत सारण जिला में की और नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के सारण जिला महासचिव के रूप में संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके संगठनात्मक कार्यों और सक्रियता को देखते हुए इसी वर्ष उन्हें NUJ(I) बिहार के संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब राष्ट्रीय सचिव के रूप में उनका मनोनयन बिहार के पत्रकारों और संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में नई राष्ट्रीय टीम के गठन के साथ पत्रकारों की समस्याओं, उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान संगठन को देशभर में और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने, पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा करने तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट होकर आवाज उठाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय सचिव मनोनीत होने पर राकेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए पद से अधिक एक बड़ी जवाबदेही है। उनका प्रयास होगा कि बिहार में NUJ(I) के संगठन को जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक मजबूत और सशक्त बनाया जाए। पत्रकारों की एकजुटता बढ़ाने के साथ उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। पत्रकारों के विरुद्ध होने वाले उत्पीड़न, दमन और अनुचित कार्रवाई के मामलों में संगठन की भूमिका प्रभावी होनी चाहिए। पत्रकारों को पहले मिलने वाली सुविधाओं और उनके अधिकारों की बहाली के लिए भी राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट आंदोलन की आवश्यकता है। NUJ(I) अपने मूल उद्देश्यों और अभियान को गति देते हुए पत्रकारों के हितों की आवाज बुलंद करेगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार आपसी एकता, पारदर्शिता और पत्रकारों के प्रति प्रतिबद्धता है। राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक विस्तार और पत्रकार हितों के लिए ठोस पहल की जाएगी।
राकेश कुमार सिंह के राष्ट्रीय सचिव मनोनीत होने पर देश के विभिन्न राज्यों के पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।





Recent Comments