
मढ़ौरा(सारण)। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मढ़ौरा-खैरा मुख्य पथ पर शनिवार दोपहर बाद तेज रफ्तार बाइक और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा शिल्हौरी स्थित एसएफसी गोदाम के पास हुआ। इस दुर्घटना में एक महिला समेत बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक किशोर ने रेफर किये जाने के बाद छपरा सदर अस्पताल पहुंचते ही इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, टेंपो में सवार कुछ अन्य यात्रियों को भी चोटें आने की सूचना है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और टेंपो दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सूचना मिलते ही मढ़ौरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को तुरंत मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी क्रम में छपरा सदर अस्पताल ले जाते समय 17 वर्षीय पवन ठाकुर की मौत हो गई।हादसे में मृतक की पहचान शिल्हौरी गांव निवासी उमेश ठाकुर के 17 वर्षीय पुत्र पवन ठाकुर (मृतक) तथा दूसरा घायल युवक रामनरेश तिवारी के 21 वर्षीय पुत्र सोनू तिवारी के रूप में हुई है। अन्य एक घायल महिला की पहचान तरैया थाना क्षेत्र निवासी अभिलाख पंडित की 62 वर्षीय पत्नी मोतीझड़ी देवी के रूप में की गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।






Recent Comments