
संजीत कुमार/सोनपुर। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में 30 नवंबर से 13 दिसंबर तक 14 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी। इनका आयोजन जिला प्रशासन और जिला खेल कार्यालय, सारण की ओर से किया जाएगा। इनमें राज्य के सभी नौ प्रमंडलों की टीमें भाग लेंगी।
खेलों के सुचारू संचालन के लिए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न समितियां बनाई गई हैं और अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं।
खेलों की तिथियां
- कबड्डी: 30 नवंबर से 1 दिसंबर
- खो-खो: 2 से 3 दिसंबर
- नौका दौड़: 3 दिसंबर
- घुड़दौड़: 4 दिसंबर
- टग ऑफ वार, शतरंज और योग: 5 दिसंबर
- क्रिकेट: 6 से 11 दिसंबर
- हैंडबॉल: 7 से 8 दिसंबर
- वॉलीबॉल: 9 से 10 दिसंबर
- फुटबॉल: 9 से 11 दिसंबर
- पैरा एथलेटिक्स और बास्केटबॉल: 12 दिसंबर
- कुश्ती दंगल: 12 से 13 दिसंबर
आयोजन स्थल और टीमों की भागीदारी
अधिकांश मुकाबले डाक बंगला मैदान में होंगे, जबकि क्रिकेट और वॉलीबॉल रेलवे मैदान में खेले जाएंगे। नौका दौड़ पुल घाट से काली घाट के बीच होगी। घुड़दौड़ डाक बंगला मैदान और प्रखंड कार्यालय के दक्षिण स्थित बलुआही मैदान में आयोजित की जाएगी। नौका दौड़, घुड़दौड़ और पैरा एथलेटिक्स में स्थानीय टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि बाकी खेलों में नौ प्रमंडलों की टीमें उतरेंगी।
खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए रहने, पौष्टिक भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था रहेगी। खेल स्थलों पर डॉक्टर, नर्स, दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगे। महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
पुरस्कार और व्यवस्थाएं
निष्पक्ष संचालन के लिए तकनीकी पदाधिकारियों और खेल संघों की मदद ली जाएगी। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र मिलेंगे। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा तथा मैदानों की सफाई, समतलीकरण और बैरिकेडिंग की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य सोनपुर मेले को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ खेल प्रतिभाओं के मंच के रूप में भी आगे बढ़ाना है। इससे युवाओं को अवसर मिलेगा और मेले में खेल का उत्साह बढ़ेगा।






Recent Comments