विशाल कुमार सिंह/बनियापुर (सारण)।

द पॉटर्स व्हील वर्ल्ड स्कूल में बुधवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बेंगलुरु से आईं कॉर्पोरेट ट्रेनर एवं व्यक्तित्व विकास विशेषज्ञ माया राजकुमार ने विद्यार्थियों को सफलता के गुर सिखाए। इस दौरान उन्होंने कक्षा एक की छात्रा संतोषी कुमारी की संपूर्ण स्कूली शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माया राजकुमार ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास बढ़ाने और लक्ष्य तय करने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से कोई भी विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।

इसी क्रम में उन्होंने छात्रा संतोषी कुमारी को ‘वन काइंड स्कॉलर’ के रूप में गोद लेने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतोषी की आगे की स्कूली पढ़ाई का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगी, ताकि आर्थिक कारणों से उसकी शिक्षा बाधित न हो। माया राजकुमार ने समाज के संपन्न और सक्षम लोगों से अपील की कि वे भी आगे आएं और कम से कम एक जरूरतमंद बच्चे की पढ़ाई का जिम्मा संभालें।

इस अवसर पर विद्यालय के ग्रुप डायरेक्टर रणजीत सिंह, डायरेक्टर रंधीर कुमार, अमरेंद्र मिश्रा, सुश्री रुखसाना खातून और आशुतोष कुमार सहित अन्य शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद थे। विद्यालय प्रबंधन ने माया राजकुमार के इस कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे अन्य लोगों को भी जरूरतमंद बच्चों की मदद करने की प्रेरणा मिलेगी।