धौलपुर उपचुनाव के लिए 10 बजे तक 25 फीसदी से ज्यादा मतदान,कई बूथों पर व्यवधान जारी
राकेश फौजदार 
भरतपुर 9 अप्रेल। राजस्थान के धौलपुर विधानसभा क्षेत्र में लिए हो रहे उप चुनाव में 231 मतदान केन्द्रों पर सुबह 10 बजे तक 25 फीसदी से आधिक मतदान होने की खबर है जबकि राजकीय सिटी कोतवाली स्कूल के तलाशी बूथ पर मशीन खराब होने की वजह से मतदान शुरू नहीं हो सका है. बूथ संख्या 206 पर ईवीएम मशीनों में आई खराबी की वजह से मतदान के शुरू ना हो पाने से मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लम्बी कतार लगी हुई हैं।सुबह 7 बजे से कतार में लगे लोग मशीनों के खराब होने की वजह से मतदान शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं बूथ संख्या 158 और 169 पर भी मशीन खराब होने की वजह से मतदान देरी से शुरू हुआ है।शांति पूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 2100 पुलिस, होमगार्ड, अर्द्ध सैनिक बल आदि ड्यूटी पर तैनात किया गया है।विधानसभा उप चुनाव में कुल 1 लाख 91 हजार 887 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. इन मतदाताओं में से 1 लाख 1 हजार 807 पुरूष एवं 90 हजार 76 महिला मतदाता हैं।तृतीय लिंग के भी 4 मतदाता हैं, जबकि 18 से 19 आयु वर्ग के कुल 8 हजार 172 मतदाताओं में से 4 हजार 728 पुरूष, 3 हजार 441 महिला तथा 3 तृतीय लिंग के मतदाता वोट डाल सकेंगे।विधानसभा क्षेत्र में कुल 231 मतदान केन्द्र हैं. इनमें 219 मूल मतदान केन्द्र एवं 12 सहायक मतदान केन्द्र हैं।शान्तिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं.