दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)। मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराने तथा एक धर्म विशेष के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी कर साम्प्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने का मामला प्रकाश में आया है। गुप्त सुचना के आलोक मे की गई शिकायत में मांझी थाना की पुलिस द्वारा जांच के क्रम में सोशल मीडिया पर वायरल किये गए पोस्ट की जांच की तथा सूचना सत्य पाए जाने के बाद मांझी के थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी देव आशीष हंस ने पुलिस की टीम के साथ सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराने के आरोपी व स्थानीय गोढा बढ़ई टोला निवासी योगेन्द्र शर्मा उर्फ टोकारी के पुत्र रोहित शर्मा के घर पर छापेमारी की हालांकि पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार नही किया जा सका। फिलहाल मांझी थाना पुलिस ने दोषी युवक के खिलाफ सनहा दर्ज करने के बाद साइबर डीएसपी से सम्पर्क करके विवादित पोस्ट को डिलीट कराने के साथ ही दिल्ली में रह रहे युवक की गिरफ्तारी का प्रयास तेज कर दिया है।