सांसद के गोद लिये गांव सिताब दियारा को नदी कटाव से बचाने के लिये सरकार ने कार्य योजना की दी स्वीकृति
▶बाढ़ नियंत्रण के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकार के सहयोग से रिंग बांध का होगा निर्माण
▶ बिहार सरकार ने 93 करोड़ और उत्तर प्रदेश की सरकार ने भी 41 करोड़ की राशि की स्वीकृत

छपरा
सारण सांसद द्वारा गोद लिये गये लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धरती सिताब दियारा को नदी के कटाव से बचाने की योजना के लिये बिहार सरकार ने 93 करोड़ की राशि खर्च करने की योजना की स्वीकृति दे दी है । विदित हो की स्थानीय सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने पिछले वर्ष अक्टूबर में सिताब दियारा को बचाने के लिए आंदोलन कर रहे नागरिकों के बीच जो वादा किया था उसे पूरा किया है। विलुप्त होने के कगार पर खड़े सिताब दियारा को बचाने के लिए 93 करोड़ की लागत से रिंग बांध के निर्माण संबंधी परियोजना प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके लिए जल, संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्रालय की सलाहकार समिति द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के 40.4976 करोड़ की राशि का प्रस्ताव भी स्वीकार कर लिया है। दरअसल इसके लिए सारण सांसद श्री राजीव प्रताप रुडी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अलग-अलग मुलाकात कर सिताब दियारा को बचाने की बात कही थी और इसके लिए दोनो राज्य सरकारों का सहयोग मांगा था।
परियोजना का दो राज्यों से जूड़े होने के कारण केंद्र और राज्यों के सामान्य हित के व्यापक विषयों को देखने वाली अंतर-राज्य परिषद में इस विषय को रखने के लिए श्री रुडी ने केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर चर्चा की और उन्हें इस परियोजना के संदर्भ में विस्तार से बताया। मालूम हो कि भारतीय संविधान मे केन्द्र और राज्यों के मध्य संबंधो मे समन्वय व इनसे संबन्धित विवादित मुद्दों को सुलझाने हेतु प्रशासनिक स्तर पर 1990 में अन्तर्राज्यीय परिषद् का गठन किया गया था। यही नहीं मामला नदियों के कटाव से जूड़ा होने के कारण श्री रुडी ने इसके लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री श्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की और सिताब दियारा को बचाने में उनका सहयोग मांगा। श्री रुडी के प्रयास और बिहार सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से अब सिताब दियारा को बचाने के लिए योजना बन गई है और इसके लिए राशि भी स्वीकृत हो गई है। लोकनायक की धरती को बचाने के लिए बिहार सरकार ने 92.3123 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की है जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार ने भी 40.4976 करोड़ की राशि का सहयोग स्वीकृत किया है। हाल ही मे 15 फरवरी को सारण जिला दिशा समिति की बैठक में श्री रुडी ने सिताब दियारा के कटाव को रोकने के लिए शीघ्र कार्यारंभ करने का निर्देश दिया था। श्री रुडी की सार्थक पहल का ही परिणाम है कि बिहार सरकार ने इसके लिए निविदा जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।इस आशय की जानकारी स्थानीय सांसद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की गयी है ।