-30 जुलाई तक चलेगा पखवाड़ा, दस्त से जागरूकता के लिए रथ रवाना 

शिवहर। 15 जुलाई

सिविल सर्जन डॉक्टर शैलेंद्र कुमार झा ने शुक्रवार को सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा का फीता काटकर एवं बच्चों को ओआरएस का पैकेज देकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर एक जन जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर सिविल सर्जन ने रवाना किया। सिविल सर्जन डॉक्टर शैलेंद्र कुमार झा ने बताया कि सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा का लक्ष्य है कि जिले के जो भी 5 बर्ष तक के बच्चे हैं उन तक ओआरएस पैकेट पहुंचाया जाए। साथ ही डायरिया से बचाव को लेकर ओआरएस और जिंक टेबलेट देने लिए प्रेरित किया। मौके पर अस्पताल प्रबंधक संजय कुमार सहित कई चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद थे।

पांच वर्ष तक के बच्चों को लक्षित किया गया है-

सिविल सर्जन डॉक्टर शैलेंद्र कुमार झा ने बताया कि दस्त नियंत्रण पखवाड़ा के दौरान जिले के सभी पांच वर्ष तक के बच्चों को लक्षित किया गया है। अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रों, अतिसंवेदनशील क्षेत्र, शहरी झुग्गी-झोपड़ी, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के परिवार, ईंट-भट्ठे के निर्माण वाले क्षेत्र, अनाथालय और ऐसे चिह्नित क्षेत्र जहां दो तीन वर्ष पूर्व तक दस्त के मामले अधिक पाये गये हों, छोटे गांव व टोले जहां साफ सफाई और पानी की आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी हो, ऐसी जगहों को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में रखा गया है।

15 से 30 जुलाई तक चलेगा पखवाड़ा-

पखवाड़ा के दौरान आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण कर हर बच्चे को एक ओआरएस का पैकेट निःशुल्क देंगी। साथ ही परिवारों को दस्त नियंत्रण के बारे में जानकारी भी दी देंगी। डीपीएम पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि पखवाड़ा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलेगा। आशा कार्यकर्ता जिले के प्रत्येक घरों में जाकर बच्चों को ओआरएस पैकेट देंगी और जागरूक करेंगी।