मांझी(सारन)। केरला से कटिहार जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन के रुकते ही उसमें सवार यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर खाने पीने का सामान खरीदने दौड़ पड़े। रेल ट्रैक से लगभग 50 फुट नीचे स्थित मांझी चट्टी की दुकानों पर अचानक यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के चापाकलों पर बोतल में पानी भरने की होड़ सी लगी रही। प्रवासियों ने काफी मात्रा में पानी के बोतलों की भी खरीददारी की। मांझी रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन लगभग 15 मिनट तक खड़ी रही। जिसे जो मिला लेकर पुनः ट्रेन पर सवार हो गया। दुकानदारों ने भी यात्रियों का भरपूर सहयोग किया। ट्रेन के रुकने का लाभ उठाते हुए आसपास के गांवों के दर्जनों यात्री निकल भागने में सफल रहे। कुछ ही देर बाद पुनः ट्रेन अपने गंतब्य की ओर रवाना हो गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग कौतूहल वश रुकी ट्रेन देखने के लिए जमा हो गए।