छपरा : सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद डॉ प्रो वीरेंद्र नारायण यादव ने बिहार के महामहिम सह कुलाधिपति को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि राजेंद्र महाविद्यालय के 13 निलंबित शिक्षकों और जयप्रकाश विश्वविद्यालय के तीन अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से निलंबन मुक्त किया जाए। पार्षद डॉ यादव ने यह भी कहा है कि यह युवा शिक्षक जो प्रतिभावान और मेधावी हैं , लोक सेवा आयोग की अनुशंसा पर राजेंद्र कॉलेज में नियुक्त हुए हैं और जिस आधार पर उन को निलंबित किया गया है वह एकमात्र तकनीकी कारण है। किसी भी शिक्षक का निलंबन या अनुशासनिक कार्रवाई उसके एकेडमी कार्यों में त्रुटि के आधार पर ही होता रहा है । परंतु इन शिक्षकों के मामले में निलंबन की कार्रवाई उचित नहीं है।

यहाँ यह उल्लेखनीय है कि इन शिक्षकों का निलंबन गत वर्ष 3 दिसंबर को राजेंद्र महाविद्यालय छपरा में हुए एक समारोह में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान किया गया था। जिसके लगभग 6 महीने हो चुके हैं । ऐसी परिस्थिति में इन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबन मुक्त किया जाना चाहिए। विधान पार्षद डॉ वीरेंद्र नारायण यादव और शिक्षक नेता प्रोफेसर लाल बाबू यादव ने जे पी यू के कुलपति प्रो फारूक अली से मिलकर यह आग्रह किया है कि कुलाधिपति से निर्देश प्राप्त होते ही इन शिक्षकों को निलंबन मुक्त कर दिया जाए।