ठनका गिरने से दो की मौत, पांच घायल

✍️परवेज अख्तर/सिवान;

लकड़ी नबीगंज (सिवान) : जिले के विभिन्न जगहों पर मंगलवार की शाम ठनका गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक में भोपतपुर निवासी राजन सिंह का पुत्र विशाल कुमार तथा गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सहाजिदपुर दलाई टोला निवासी रामरतन यादव की पुत्री पूनम कुमारी है, जबकि घायलों में बल्डीहा धोबी टोला निवासी रमेश बैठा, मोतीलाल बैठा, पृथ्वी बैठा, अंकित कुमार एवं उमेश बीन बताए जाते हैं। इस घटना में दो झोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि जामो थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव निवासी राजन सिंह का पुत्र विशाल कुमार मंगलवार को जोगापुर मध्य विद्यालय पढ़ने गया था। अपने साथियों के साथ शाम करीब 4.30 बजे घर वापस लौटने के क्रम में ठनका के चपेट में आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दौरान उसका साथी अंकित कुमार अांशिक रूप से घायल हो गया। दूसरी घटना गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सहाजिदपुर दलाई टोला में हुई। जहां गांव निवासी रामरतन यादव की पुत्री पूनम कुमारी मंगलवार को मवेशी बांध रही थी। इसी क्रम में पेड़ पर ठनका गिरा जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष रविकांत दुबे और अंचलाधिकारी विकास कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं लकड़ी नबीगंज के बलडीहा धोबी टोला गांव में मंगलवार की संध्या करीब 6 बजे दो झोपड़ीमुना घरों पर ठनका गिर गया इस घटना में उसमें बैठे रमेश बैठा, मोतीलाल बैठा, पृथ्वी बैठा एवं उमेश बीन गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए सिधवलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने रमेश बैठा की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही
बुधवार को अंचलाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह, पूर्व मुखिया शंभू साह, सेंट्रल बैंक के प्रबंधक राजू सिंह, राजस्व कर्मचारी राधेश्याम प्रसाद
घटनास्थल पर पहुंचकर इस घटना में हुए नुकसान का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।