गोपालगंज : शिक्षक संघ ने अपनी मांगों को लेकर किया एक दिवसीय धरना
#न्यूज़ इनपुट -राज श्रीवास्तव

गोपालगंज :—– शिक्षक संघ की गोपालगंज इकाई ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत शहर के अंबेडकर चौक पर शनिवार को अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। धरने की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष रतिकांत साह ने की। उनकी मांगों में समान काम का समान वेतन लागू करने, पांच माह से बकाये वेतन भुगतान करने के साथ ही प्रतिमाह वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने, नियोजित शिक्षकों व पुस्तकालयाध्यक्षों को सातवां पुनरीक्षित वेतन का निर्धारण कर उसका अविलंब भुगतान करने, पेंशन स्कीम को पूर्ण रूपेण नियमित तरीके से संचालित करने, डीएलएड व ओडीएल की फाइनल परीक्ष का आयोजन शीघ्र करने, अनुकंपा पर नियुक्ति में उत्पन्न व्यवधान को दूर करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। धरना को संबोधित करते हुए बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रतिकांत साह ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। सुप्रीम कोर्ट तथा हाई कोर्ट के समान काम के लिए समान वेतन देने के संबंध में दिए गए फैसले को लागू करने में आनाकानी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में पदाधिकारियों की मनमानी के कारण शिक्षकों का पांच माह से वेतन बकाया है। सरकार तथा प्रशासन शिक्षकों का शोषण कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक शिक्षकों का आंदोलन जारी रहेगा। धरना के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा गया। जिसमें समान काम के लिए समान वेतन लागू करने, बकाया वेतन का भुगतान करने, प्रतिमाह वेतन भुगतान की व्यवस्था करने, पुनरीक्षित वेतन का निर्धारण कर अविलंब भुगतान करने, पेंशन स्कीम को नियमित तरीके से संचालित करने, डीएलएड व ओडीएल की फाइनल परीक्षा का आयोजन यथाशीघ्र करने, अनुकंपा पर नियुक्ति में उत्पन्न बाधा को दूर करना शामिल है।




Recent Comments