गोपालगंज:- कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेक पोस्ट के समीप उत्पाद विभाग की टीम वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रही एक कार की तलाशी लिया तो स्तब्ध रह गई। उत्पाद विभाग की टीम ने शराब की तस्करी के शक में कार को रोका था, लेकिन तलाशी लेने पर उसमें 1014 कछुआ मिले। कछुआ को बरामद करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उत्पाद विभाग की टीम ने सभी कछुआ को वन विभाग को सौंप दिया। बरामद कछुआ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से तस्करी कर मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था। वन विभाग मामले की जांच पड़ताल कर रहा है।बताया जाता है कि उत्पाद विभाग की टीम बलथरी चेकपोस्ट के समीप एनएच 28 पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रही एक कार को शराब की तस्करी करने के शक होने पर उत्पाद विभाग ने रोक लिया। कार को रोकने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने तलाशी लिया तो कार में शराब की जगह 1014 कछुआ मिले। कार में कछुआ मिलने पर उत्पाद विभाग की टीम ने इसकी सूचना वन विभाग को दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सभी कछुआ को बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किया गया आरोपित उत्तर प्रदेश के अमेठी का निवासी सन्नी कुमार बताया जाता है। इस संबंध में जिला वन पदाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि वह गोरखपुर से कछुआ लेकर मुजफ्फरपुर जा रहा था। उन्होंने बताया कि कछुआ वन जीव अधिनियम के तहत संरक्षित है। कोर्ट के आदेश के बाद सभी कछुआ को गंडक नदी या गंगा नदी में छोड़ा जाएगा।