
एकमा में ड्राइवर की तत्परता से लूट की बड़ी घटना विफल
सड़को पर भी बढ़ रहा अटैची लिफ्टर गिरोह का खौफ
विनीत कुमार, एकमा
एकमा में लूट की बड़ी घटना ड्राइवर की तत्परता से विफल हो गयी है। ड्राइवर की बहादुरी के चर्चे एकमा में हर ओर हो रहे हैं। हो भी क्यों न आखिर ड्राइवर ने अपने जान पर खेल कर लूट की इस बड़ी वारदात को विफल कर दिया है।
मामला एनएच 85 पर एकमा व दाउदपुर के बीच माने ग्राम के निकट लक्ष्मी धर्मकांटे का है। जहा लूट का प्रयास कमांडर चालक संतोष कुमार सिंह की तत्परता से विफल हो गया है।
इस संबंध में संतोष ने बताया कि वे अपने परिवार व अन्य सवारियों को अपने कमांडर में बैठाकर छपरा के लिए निकला था तभी एकमा पोल फैक्ट्री के निकट दो लोग कमांडर की छत पर सवार हो गए।
गाड़ी जैसे ही आगे बढ़ी दोनो युवक अपने काम को अंजाम देने की फिराक में लग गए। माने ग्राम के निकट संतोष को कुछ आभास हुआ तो उसने गाड़ी रोक दी और ऊपर देखा तो पाया कि एक बैग का चैन खुला है। उसने दोनो युवकों के इरादे को भांप कर नीचे उतरने को कहा व उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। तभी एक ने कट्टा निकाल कर फायरिंग किया लेकिन फायरिंग नही हो पाई। संतोष ने एक को पकड़ लिया तभी उसके साथी ने पीछे से उसके सर पर ईंट से वार किया जिससे उसका सिर फट गया। इतने में पीछे से एक सफ़ेद रंग की बोलेरो आयी जिसमे कुछ लोग सवार थे। ये दोनो युवक उसमे सवार हो गए और गाड़ी मोड़कर एकमा की ओर भागे।
तभी एकमा भाग 2 के जिला पार्षद रूपेश कुमार सिंह की गाड़ी वहाँ पहुँचे, रूपेश छपरा जा रहे थे। रूपेश ने घटना की जानकारी एकमा थानाध्यक्ष व एकमा के लोगो को दी।
जख्मी संतोष ने किया बोलेरो का पीछा
—–
सिर फटा होने के बावजूद भी घायल संतोष ने बोलेरो का पीछा किया। बोलेरो एकमा नहर के पास से हरपुर की ओर चल पड़ी। स्थानीय लोग बोलेरो की स्पीड देखकर अचंभित थे।
हरपुर गावँ के लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक लुटेरे हरपुर गाव से निकल गए। छितरवालिया में लोगो ने सड़क पर चौकी रख कर उन्हें रोकने का प्रयास किया मगर वे गाड़ी मोड़कर भागने लगे। उन्हें भागता देख लोगो ने बोलेरो पर पथराव किया जिससे बोलेरो का शीशा टूट गया।
पुलिस की ततपरता से बोलेरो हुई जब्त
—–
लुटेरे छितरवालिया से परसागढ़ की ओर भागे। घटना की सूचना पर एकमा पुलिस हरकत में आई व अपना जाल बिछाया।
खुद को पुलिस की जाल में फंसता देख लुटेरे अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
एकमा पुलिस ने रसूलपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव के नहर के निकट से सफेद बोलेरो बरामद किया है। एकमा के प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बरामद बोलेरो में से 2 जोड़ी पायल, 2 हाथ सेट, 2 कड़े, 4 बिछिया एक मोबाइल सेट, एक एयर बैग व एक लेडीज पर्स बरामद हुआ है। मनोज कुमार ने बताया कि लुटेरे बोलेरो छोड़ कर भागने में सफल रहे है। पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए संबंधित जगहों पर छापेमारी कर रही है।




Recent Comments