सारण : वोट दिया है तो  समस्या का निदान आपको ही करना होगा 
▶️ पेंशन की राशि नहीं मिलने से नाराज लाभूकों ने बीडीसी के घर पहुंच जताया विरोध

दैनिक खोज खबर ब्यूरो सारण 
अमनौर /सारण 
पिछले एक वर्षों से पेंशन नहीं मिलने से नाराज बसतपुर पंचायत के पांच दर्जन से अधिक लाभार्थियों ने  बीडीसी सदस्या के घर पहुंच विरोध प्रदर्शन किया. बुधवार को बसतपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्या पार्वती देवी के घर पर पहुंच प्रर्दशन कर रहे कुसुम देवी, रामझडी देवी, देवझड़ी कुअंर, रामती देवी, तसलीम खातुन, सीता कुअंर, सायरा खातुन, प्रभावती देवी, शारदा देवी, माया कुअंर,  बाबू लाल मांझी, नथुनी मांझी, राजा राम, शिवपुजन महतो,शिवनाथ राउत, रामकृपाल भगत, बद्री राम, करीमन माझी, राजबल्लम राम, भुखल साह आदि पांच दर्जन से अधिक लाभार्थियों ने कहा कि इसको लेकर कई बार प्रखंड कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी गयी बावजूद आजतक इसपर पहल नहीं की गई है. प्रखंड कार्यालय में बिना कुछ  चढ़ावा के कोई काम हीं नहीं हो रहा है. जो लाभार्थी  चढ़ावा देते हैं उनके खाते में दो – दो बार पेंशन के रूपये आ गये.उन सब का यह भी शिकायत था कि प्रखंड कार्यालय दलालों का अड्डा बन गया है. वहां से हमलोगों का काम नहीं हो सकता है. एक वर्षों से अधिक दिनों से पेंशन की राशि नहीं मिलने से आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं.  अब हमलोग अपने जनप्रतिनिधि को पकड़ेगें. सभी लाभार्थियों ने पंचायत समिति सदस्या से कहा कि वोट आपको दिया तो आप ही दिलवाये पेंशन. जबतक हमलोगों का पेंशन नहीं मिलेगा तबतक हम सभी यही पर धरना पर  बैठेंगे. पल्ला झारने लेने से  जिम्मेवारी से बच नही सकते. वहीं  इतनी संख्या में दरवाजे पर आये लाभार्थियों को  देख कर बीडीसी सदस्या हैरत में पड़ गयी.  इधर बीडीसी सदस्या पार्वती देवी व उनके पति शिवप्रसाद राय ने लाभूकों को समझा -बुझाकर शांत कराया. तथा  बीडीओ से मिल पेंशन की राशि की  समस्या का समाधान  जल्द कराने का भरोसा दिलाया.