मधुमक्खियों का श्रृद्धालुओं पर हमला
मोनू नामदेव
शाहपुरा 6अप्रेल । कस्बे के निकटवृती गांव तहनाल में एक देवस्थान पर  मधु मक्खियों के हुए हमले में दर्जनों श्रृद्धालु घायल हो गये। ज्यादा हुए घायलों को शाहपुरा सेटलाईट चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया।  
                  जानकारी के अनुसार गुरूवार को तहनाल तेजाजी मंदिर परिसर में दशमी (दशहरा)पूजा थी। इस दौरान पेड़ों पर लगे मधु मक्खियों के छज्जे से अचानक उडी मक्खियों ने वहां पर जमा दो दर्जन से भी अधिक श्रृद्धालुओं पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले को लेकर वहां अफरा तफरी मच गई। महिला, पुरूष, बच्चे चिखते चिल्लाते हुए इधर उधर भागते नजर आये। लोगों ने पास में खेतों एवं बस्ती में भाग कर घरों में शरण ली। उप प्रधान बजरंग सिंह राणावत ने बताया कि कुछ देर के लिए देव स्थान व गांव में कर्फ्यू जैसे हालात हो गये। डेढ़ साल के एक मासूम की माँ के साथ कई लोग भागने में असमर्थ रहने पर मक्खियों के झूंड ने उन्हे आ घेरा। घायल काफी देर तक कराहते रहे। लोग डर के मारे जंगल में दूर तक निकल गये व पास के घरों में दुबके लोग घरों से बाहर नही निकलने से पीडि़तों की हालत ज्यादा खराब हो गयी। शरीर में अत्यधिक जलन व उल्टीयां होने पर 108 एम्बूलेंस के माध्यम से सात जनों को शाहपुरा सेटलाईट चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। कम घायलों का तहनाल पीएचसी पर प्राथमिक उपचार किया गया। 
ये हुए घायल:- माली खेड़ा निवासी अभिषेक डेढ़ साल, उसकी मां देवली 24साल, मामा भैरूलाल 18साल, नाना जगदीश माली 52, मांडल निवासी भानु माली, तस्वारिया बांसा निवासी रामधन गुर्जर, सुगना को चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया।