परीक्षा देने जा रही छात्रा पर चाकुओं से हमला कर घायल किया
राकेश सिंह फौजदार
भरतपुर 16 मार्च। राजस्थान में धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र के गांव जारोली में गुरुवार को दसवीं कक्षा की छात्रा पर स्कूल जाते समय रास्ते में गांव के एक सिरफिरे आशिक ने चाकुओं से ताबड़ तोड़ हमला बोल दिया। हमले में छात्रा गंभीर घायल हो गई। घायल छात्रा को ग्रामीणों ने बसईनबाब की सीएचसी पर भर्ती कराया। छात्रा की हालत नाजुक होने से वहां से धौलपुर अस्पताल रेफर कर दिया। छात्रा पर हुए हमले से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक जारोली निवासी कक्षा 10 की छात्रा रोजाना की तरह गुरुवार को पास के गांव पिपहेरा में बोर्ड की परीक्षा देने सहेली के साथ जा रही थी। गांव से थोड़ी दूर खेतों के रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोसी युवक भूपेंद्र (20) ने छात्रा पर पीछे से हमला बोल दिया और उसकी चोटी पकड़ सीने, पेट, कंधे सहित अन्य जगह चाकुओं से वार कर दिए। इस पर उसकी सहेली डरकर वहां से भाग गई। उसने गांव में जाकर छात्रा के परिजनों को वारदात की सूचना दी। वहीं आरोपी युवक छात्रा को तड़पती हालत में लहूलुहान अवस्था में छोडक़र घटना स्थल से फरार हो गया।