क़तर मुझे मरवाना चाहता है, दोहा पर बमबारी करवा दूंगाः मिस्री राष्ट्रपति
लेबनान के एक समाचारपत्र ने लिखा है कि क़तर के गुप्तचर विभाग ने मिस्र के राष्ट्रपति सीसी की हत्या के लिए बीस करोड़ डाॅलर का बजट विशेष कर रखा है।
अद्दियार समाचारपत्र ने अपनी एक रिपोर्ट में लिखा है कि अब्दुल फ़त्ताह सीसी की हत्या के लिए क़तर के गुप्तचर विभाग की इस कार्यवाही पर अमरीका ने क़तर को चेतावनी देते हुए उसे इस काम से रोका है। दूसरी ओर क़तर अब भी अपनी इस योजना को लागू करने की कोशिश में लगा हुआ है क्योंकि अमरीका ने क़तर पर बहुत अधिक दबाव नहीं डाला है।
क़तर के गुप्तचर विभाग की योजना के अनुसार इख़वानुल मुसलेमीन (मुस्लिम ब्रदरहुड) के सदस्यों के एक गुट को मिस्र के राष्ट्रपति की गाड़ी में बम लगाने की ज़िम्मेदारी दी गई थी। उधर मिस्र के राष्ट्रपति ने इस षड्यंत्र का पता चलने के बाद धमकी दी है कि वे हर क़ीमत पर क़तर की राजधानी दोहा पर बमबारी करवा देंगे। उनकी यह धमकी एक अन्य देश के माध्यम से क़तर नरेश तमीम बिन हमद तक पहुंच गई है। उल्लेखनीय है कि अरब संघ के 28वें शिखर सम्मेलन में जैसे ही क़तर नरेश ने भाषण शुरू किया मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़त्ताह सीसी वहां से चले गए। मिस्र में मुरसी सरकार के विरुद्ध विद्रोह के बाद से ही, जिसे क़तर का समर्थन प्राप्त था, मिस्र व क़तर के बीच गहरा तनाव व्याप्त है।





Recent Comments