एसएच-73 पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत, मचा कोहराम

जनादेश/तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया-मढ़ौरा एसएस-73 मुख्य सड़क पर नेवारी गांव के समीप गुरुवार की दोपहर में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक मढ़ौरा थाना क्षेत्र के लेरूआ गांव निवासी रामायण प्रसाद का 30 वर्षीय पुत्र लाल देव प्रसाद बताया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर में हल्की हल्की बारिश हो रही थी इसी बीच बाइक सवार व्यक्ति काफी तेजी में तरैया की तरफ से मढ़ौरा वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान एसएस-73 मुख्य सड़क पर नेवारी गांव स्थित मौजे सिंह के घर के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जाकर टकरा गई। जिससे वह सड़क किनारे फेंका गया जिससे उसके सिर में गहरी चोट लगी और वह अचेत हो गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही तरैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से सरकारी एंबुलेंस से उसे रेफरल अस्पताल में भेजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन तरैया थाना पहुंचे जिसके बाद कागजी कार्रवाई कर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। वहीं घटना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों व प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि बाइक सवार व्यक्ति अगर हेलमेट पहने होता तो उसकी जान नहीं जाती, उसके सिर में गहरी चोट आने के कारण उसकी मौत हुई है। इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।